पिथौरागढ़, 20 अगस्त 2026 (सूवि)
एप्पल एवं कीवी मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।
*लाभार्थी चयन में पारदर्शिता के साथ उत्पादन, विपणन एवं प्रोसेसिंग पर दें विशेष ध्यान: जिलाधिकारी*
जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में एप्पल मिशन एवं कीवी मिशन के अंतर्गत जनपद में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में योजनाओं की प्रगति, लाभार्थी चयन, उद्यानों के विकास, उत्पादन बढ़ाने तथा उत्पादों के विपणन एवं प्रोसेसिंग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एप्पल एवं कीवी मिशन के अंतर्गत लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को इनसे जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि इसके लिए सुव्यवस्थित एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में फलोत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए उत्पादन के साथ-साथ उत्पादों की गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग एवं बेहतर विपणन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्पादित फल एवं अन्य कृषि-उद्यान उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय स्तर के साथ-साथ बाहरी बाजारों से भी बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद में जो किसान एप्पल एवं कीवी उत्पादन के क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहे हैं, उनके बगीचों को मॉडल के रूप में विकसित करते हुए अन्य किसानों के भ्रमण एवं अवलोकन की व्यवस्था की जाए। इससे किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन एवं सफल उद्यानिकी मॉडल अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि पात्र किसानों को मिलने वाली सब्सिडी के वितरण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
*दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लिए तैयार करें व्यापक कार्ययोजना*
बैठक में दलहन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर मिशन के तहत गठित समिति के साथ भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करते हुए अधिक से अधिक किसानों को दलहन उत्पादन से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों एवं किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त दलहनी फसलों को प्रोत्साहित किया जाए तथा किसानों को उन्नत बीज, तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण एवं विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उत्पादित दलहन के लिए बाजार एवं उचित मूल्य की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य किया जाए, ताकि किसानों को उत्पादन का बेहतर प्रतिफल मिल सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा प्रगति की समय-समय पर समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति के किसान तक पहुंचना चाहिए और कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का सीधा प्रभाव किसानों की आय में वृद्धि के रूप में दिखाई देना चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सिंह, मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी रितेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



