पिथौरागढ़, 06 अगस्त 2026 (सूवि)
जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), डीडीहाट की कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक बुधवार देर सायं को आयोजित की गई। बैठक में संस्थान द्वारा गत वित्तीय वर्ष में संचालित विभिन्न शैक्षिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं अन्य प्रस्तावित गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समिति के समक्ष प्रस्ताव रखे गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संस्थान की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयानुकूल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना आवश्यक है, जिससे विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में भी सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने संस्थान में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने संस्थान में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आधुनिक तकनीक एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों के अनुरूप संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल शिक्षण संसाधनों तथा नवीन शिक्षण तकनीकों का अधिकाधिक समावेश किया जाए, ताकि प्रशिक्षुओं को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाया जा सके।
बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा संस्थान के समग्र विकास एवं प्रशिक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई, प्रचार्य डायट डीडीहाट भाष्करानंद पांडे, राजेश पाठक सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।




