पिथौरागढ़

डीएम आशीष भटगांई ने जनगणना-2027 के जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी स्व-गणना प्रक्रिया शुरू, ऑनलाइन पोर्टल पर खुद दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी

डीएम आशीष भटगांई ने जनगणना-2027 के जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी स्व-गणना प्रक्रिया शुरू, ऑनलाइन पोर्टल पर खुद दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी

 

पिथौरागढ़। जनगणना-2027 को लेकर जिले में जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनगणना जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही जनगणना के तहत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

जागरूकता रथ जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया और ऑनलाइन पंजीकरण के बारे में जानकारी देगा। इसके माध्यम से नागरिकों को स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं और अपने परिवार का विवरण दर्ज करने के साथ ही क्यूआर कोड के जरिए पोर्टल तक पहुंचने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने जनपदवासियों से स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी और अपने परिवार की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज करे। जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता बेहद जरूरी है।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं, ताकि जिले के अधिक से अधिक नागरिक स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ सकें।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button