डीएम आशीष भटगांई ने तेज की नैनी सैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की कवायद 2C से 3C श्रेणी में होगा एयरपोर्ट का उन्नयन, हवाई कनेक्टिविटी और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
डीएम आशीष भटगांई ने तेज की नैनी सैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की कवायद 2C से 3C श्रेणी में होगा एयरपोर्ट का उन्नयन, हवाई कनेक्टिविटी और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पिथौरागढ़। नैनी सैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण एवं उन्नयन की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जिला कार्यालय में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया समेत संबंधित विभागों और सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना की प्रगति और संभावनाओं पर चर्चा की।
बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने एयर ट्रैफिक पोटेंशियल रिपोर्ट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने रिपोर्ट को आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि नैनी सैनी एयरपोर्ट को वर्तमान 2C श्रेणी से उन्नत कर 3C श्रेणी में विकसित करने की योजना है।
जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट विस्तारीकरण की व्यवहार्यता, तकनीकी जरूरतों और संभावित प्रभावों का विस्तृत अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट (सामाजिक प्रभाव आकलन) सहित सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर समग्र रिपोर्ट तैयार करने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर जरूरी प्रक्रियाएं और औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण से जुड़ी कार्रवाई में नियमित फॉलोअप किया जाए और सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि नैनी सैनी एयरपोर्ट का उन्नयन जनपद की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय विकास की संभावनाओं को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





