पिथौरागढ़

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया

पिथौरागढ़, 14 अगस्त 2026 (सू वि)

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का किया औचक निरीक्षण। साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव एवं जनसेवाओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव, कार्मिकों की कार्यप्रणाली तथा आमजन से संबंधित सेवाओं के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर एवं सभी पटलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रखरखाव किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनमानस से संबंधित कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे तथा ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले आगंतुकों एवं आमजन के साथ अधिकारी-कर्मचारी शिष्टाचार एवं विनम्रता के साथ व्यवहार करें। उनकी समस्याओं एवं कार्यों को धैर्यपूर्वक सुनते हुए नियमानुसार समाधान की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी कार्मिकों को अपनी-अपनी टेबल पर स्पष्ट एवं अनिवार्य रूप से नाम पट्टिका लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यालय में आने वाले लोगों को संबंधित कार्मिक की पहचान में सुविधा हो।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने आबकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा कार्यालयीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालयों में अनुपयुक्त एवं अनावश्यक सामग्री को नियमानुसार चिन्हित कर उसका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कार्यालयों में विद्युत ऊर्जा के उपयोग से संबंधित ऑडिट कराने के निर्देश देते हुए ऊर्जा की बचत एवं अनावश्यक विद्युत खपत को रोकने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में फायर सेफ्टी से संबंधित उपकरण मानकों के अनुरूप उपलब्ध एवं क्रियाशील स्थिति में रहें तथा समय-समय पर उनकी जांच भी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button