टिहरी गढ़वाल

गूलर में भीषण बस हादसा: खाई में समाई यात्रियों से भरी बस, 4 की मौत, 20 घायल; रेस्क्यू में जुटी टीमें एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी आपदा कंट्रोल रूम से संभाले हुए हैं मोर्चा, राहत एवं बचाव अभियान की पल-पल कर रहे निगरानी

गूलर में भीषण बस हादसा: खाई में समाई यात्रियों से भरी बस, 4 की मौत, 20 घायल; रेस्क्यू में जुटी टीमें एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी आपदा कंट्रोल रूम से संभाले हुए हैं मोर्चा, राहत एवं बचाव अभियान की पल-पल कर रहे निगरानी

गूलर (टिहरी गढ़वाल)। टिहरी जनपद के गूलर में मंगलवार सुबह भीषण बस हादसे से हड़कंप मच गया। हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस संख्या UK09PA9779 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक चार यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 घायलों को खाई से रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की भयावहता को देखते हुए मौके पर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने आपदा कंट्रोल रूम से संभाली कमान

बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी आपदा कंट्रोल रूम से पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाले हुए हैं। वह राहत एवं बचाव कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं और संबंधित विभागों से पल-पल की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस का संयुक्त रेस्क्यू अभियान

डायल 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, शिवपुरी और ब्यासी सहित आसपास की पुलिस चौकियों का बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमें भी राहत कार्य में जुट गईं। बचाव दल गहरी खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने और अन्य यात्रियों की तलाश में जुटे हैं।

वहीं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। जनपद के उच्चाधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका, रेस्क्यू जारी

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल रहा। दुर्गम खाई होने के कारण बचाव दल को रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। समाचार लिखे जाने तक चार शव बरामद किए जा चुके थे और 20 घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। प्रशासन की प्राथमिकता खाई में फंसे प्रत्येक यात्री को सुरक्षित बाहर निकालना है। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button