पिथौरागढ़

डीएम आशीष भटगांई सख्त, नेटवर्क व्यवस्था में लापरवाही पर होगी कार्रवाई सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सेवाएं दुरुस्त करने के निर्देश, 95 में से 64 मोबाइल टावर संचालित

डीएम आशीष भटगांई सख्त, नेटवर्क व्यवस्था में लापरवाही पर होगी कार्रवाई सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सेवाएं दुरुस्त करने के निर्देश, 95 में से 64 मोबाइल टावर संचालित

 

पिथौरागढ़। जनपद में मोबाइल नेटवर्क की बदहाल व्यवस्था और संचार सेवाओं में आ रही समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता को बेहतर और निर्बाध नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराना कंपनियों की जिम्मेदारी है। नेटवर्क व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टेलीकॉम समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम आशीष भटगांई ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बीएसएनएल, जिओ, एयरटेल और वीआई समेत सभी दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और नेटवर्क संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे इस जनपद में मजबूत संचार व्यवस्था केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की भी अहम जरूरत है। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में नेटवर्क बाधित होने से राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। इसलिए दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उन्होंने सभी कंपनियों को नेटवर्क की नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता परीक्षण करने तथा सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापरक संचार सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

95 में से 64 मोबाइल टावर स्थापित, शेष जल्द होंगे संचालित

बैठक में जिलाधिकारी ने बीएसएनएल के माध्यम से जनपद में स्थापित किए जा रहे मोबाइल टावरों की प्रगति की भी समीक्षा की। बीएसएनएल के उपखंड अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 95 मोबाइल टावर स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं, जिनमें से अब तक 64 टावर स्थापित कर संचालित किए जा चुके हैं। इस पर डीएम ने शेष टावरों की स्थापना का कार्य तेजी से पूरा करने और उनमें जल्द संचार सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नेटवर्क विहीन और कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता में रखते हुए कनेक्टिविटी मजबूत की जाए, ताकि सीमांत क्षेत्र के लोगों को भी निर्बाध संचार सुविधा मिल सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार सहित दूरसंचार विभागों एवं संबंधित कंपनियों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button