वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने संभाली सड़क सुरक्षा अभियान की कमान, पीछे बैठने वाली सवारियों को भी बांटे निःशुल्क हेलमेट टिहरी पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान, रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने संभाली सड़क सुरक्षा अभियान की कमान, पीछे बैठने वाली सवारियों को भी बांटे निःशुल्क हेलमेट टिहरी पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान, रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
नई टिहरी। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और दोपहिया वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए टिहरी पुलिस ने विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में सोमवार को मुनि की रेती क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी ने स्वयं अभियान की कमान संभाली। उन्होंने सड़क सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारियों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए।
इस दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने हेलमेट न पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठी सवारियों को हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन पर केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। हेलमेट पुलिस के चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की सुरक्षा का कवच है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनने के साथ अपने परिवार और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। थोड़ी सी सावधानी सड़क दुर्घटना में होने वाली गंभीर चोटों और जानलेवा हादसों से बचा सकती है।
अभियान के तहत यातायात पुलिस द्वारा जनपद के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। पुलिसकर्मियों ने मानक (आईएसआई मार्क) हेलमेट पहनने, उसकी स्ट्रैप सही तरीके से बांधने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के प्रति भी जागरूक किया।
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाली सवारी दोनों हेलमेट पहनें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, क्षेत्राधिकारी यातायात तनुजा बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान, यातायात उपनिरीक्षक विपिन बिष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





