पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने किया छारछुम मोटर पुल का लोकार्पण डीएम आशीष भटगांई की मौजूदगी में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों को मिली बड़ी सौगात, 33 करोड़ से बना 110 मीटर लंबा पुल; व्यापार और आवागमन को मिलेगी रफ्तार
पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने किया छारछुम मोटर पुल का लोकार्पण डीएम आशीष भटगांई की मौजूदगी में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों को मिली बड़ी सौगात, 33 करोड़ से बना 110 मीटर लंबा पुल; व्यापार और आवागमन को मिलेगी रफ्तार
पिथौरागढ़, 23 नवंबर। भारत और नेपाल के बीच मैत्री, विश्वास और विकास के रिश्तों को आज नई मजबूती मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से भारत-नेपाल मैत्री पुल (छारछुम मोटर पुल) का लोकार्पण किया। करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 110 मीटर लंबा यह पुल दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के लिए आवागमन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के नए रास्ते खोलेगा।
पिथौरागढ़ जनपद की धारचूला तहसील के छारछुम गांव को नेपाल के दार्चुला जिले के असीगड़ा गांव से जोड़ने वाले इस पुल के शुभारंभ के साथ ही सीमांत क्षेत्र के लोगों का वर्षों का इंतजार पूरा हो गया। पुल के लोकार्पण के अवसर पर छारछुम में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, डीआईजी एसएसबी एस. सुब्रमणियम, कस्टम्स कमिश्नर मयंक शर्मा तथा नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल सहित दोनों देशों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
झूला पुलों की मजबूरी खत्म, अब वाहनों से होगा सफर
छारछुम मोटर पुल शुरू होने से भारत और नेपाल के सीमावर्ती गांवों के लोगों को अब झूला पुलों के सहारे आवाजाही की मजबूरी से राहत मिलेगी। स्थानीय नागरिक अब वाहनों के माध्यम से एक-दूसरे के क्षेत्र तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पुल के लोकार्पण को लेकर सीमांत क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य और गायन के माध्यम से खुशी जाहिर की। क्षेत्रवासियों ने इस सौगात के लिए भारत और नेपाल सरकार का आभार जताते हुए इसे सीमांत क्षेत्र के विकास में ऐतिहासिक कदम बताया।
डीएम आशीष भटगांई बोले, विकास को मिलेगी नई दिशा
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से बना 110 मीटर लंबा यह मोटर पुल सीमांत क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे दोनों देशों के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि पुल क्षेत्रवासियों के लिए विकास और बेहतर संपर्क का नया मार्ग प्रशस्त करेगा।
नेपाल के दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने भी पुल को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को झूला पुलों से आवाजाही करनी पड़ती थी, लेकिन अब वाहनों से आवागमन संभव होगा। इससे लोगों का समय बचेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
उत्तराखंड में भारत-नेपाल के बीच दूसरा मोटरेबल पुल
उल्लेखनीय है कि छारछुम मोटर पुल उत्तराखंड क्षेत्र में भारत और नेपाल के बीच निर्मित दूसरा मोटरेबल पुल है। इससे पहले बनबसा में दोनों देशों के बीच मोटर पुल से आवागमन संचालित हो रहा है। छारछुम पुल के शुरू होने से सीमांत क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों, सामाजिक संबंधों और आपसी सहयोग को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।





