पिथौरागढ़

डीएम आशीष भटगांई ने बढ़ाया हुनर का मान, उत्कृष्ट बुनकरों और उद्यमियों को किया सम्मानित पश्मीना शॉल से लेकर मिलेट उत्पाद और ग्रीन टी तक चमकी पहाड़ की प्रतिभा, प्रथम पुरस्कार पर मिले 6 हजार रुपये

डीएम आशीष भटगांई ने बढ़ाया हुनर का मान, उत्कृष्ट बुनकरों और उद्यमियों को किया सम्मानित पश्मीना शॉल से लेकर मिलेट उत्पाद और ग्रीन टी तक चमकी पहाड़ की प्रतिभा, प्रथम पुरस्कार पर मिले 6 हजार रुपये

पिथौरागढ़। जनपद में स्थानीय हुनर, हस्तशिल्प और स्वरोजगार को नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुनकरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को सम्मानित किया। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय पुरस्कार चयन समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभाशाली उद्यमियों का चयन किया गया।

बैठक में पश्मीना शॉल, वुडन चारधाम उत्पाद, ऐपण कला, मिलेट उत्पाद, ग्रीन टी और कुल्फी निर्माण जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों का मूल्यांकन किया गया। चयनित प्रतिभागियों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रदान करने का निर्णय लिया गया।

महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत ने बताया कि एमएसएमई पुरस्कार योजना के तहत प्रत्येक वर्ष हथकरघा, हस्तशिल्प और लघु उद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाता है। योजना के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार विजेता को 6,000 रुपये और द्वितीय पुरस्कार विजेता को 4,000 रुपये की धनराशि के साथ प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया जाता है।

इन प्रतिभाओं ने हासिल किया सम्मान

हथकरघा क्षेत्र में पश्मीना शॉल निर्माण के लिए डीडीहाट की श्रीमती राधा देवी को प्रथम तथा श्रीमती नन्दा देवी को द्वितीय पुरस्कार के लिए चुना गया। हस्तशिल्प क्षेत्र में वुडन चारधाम उत्पाद तैयार करने वाले अनिल कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि ऐपण फ्रेम उत्पाद के लिए कु. मंजू भंडारी को द्वितीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

इसी प्रकार उद्योग क्षेत्र में मिलेट उत्पाद एवं ग्रीन टी के उत्कृष्ट उत्पादन के लिए प्राइड ऑफ हिमालया के हिमांशु जोशी को प्रथम तथा कुल्फी उत्पाद के लिए त्रिलोचन पंत सेलर्स को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सभी चयनित बुनकरों, हस्तशिल्पियों एवं उद्यमियों को बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के लिए गुणवत्ता, नवाचार और बेहतर विपणन पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने उद्यमियों से अपने उत्पादों में निरंतर सुधार करने और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को प्रोत्साहन देने से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान मिलेगी।

Related Articles

Back to top button