पूर्व मंत्री दिनेश सिंह घनाई ने टिहरी के विकास को दी नई दिशा, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से लेकर नर्सिंग कॉलेज तक बढ़ाए कदम कम समय के कार्यकाल में चिकित्सा शिक्षा और जनस्वास्थ्य को दी प्राथमिकता, जिला अस्पताल की क्षमता 60 से 100 बेड करने की पहल रही अहम
पूर्व मंत्री दिनेश सिंह घनाई ने टिहरी के विकास को दी नई दिशा, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से लेकर नर्सिंग कॉलेज तक बढ़ाए कदम कम समय के कार्यकाल में चिकित्सा शिक्षा और जनस्वास्थ्य को दी प्राथमिकता, जिला अस्पताल की क्षमता 60 से 100 बेड करने की पहल रही अहम
नई टिहरी। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह घनाई ने अपने मंत्री पद के कार्यकाल में जनपद टिहरी गढ़वाल के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। कम समय तक उच्च चिकित्सा शिक्षा मंत्रालय का दायित्व संभालने के बावजूद उन्होंने टिहरी के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी।
उनके कार्यकाल में नई टिहरी जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर विशेष पहल की गई। जिला अस्पताल की क्षमता 60 बेड से बढ़ाकर 100 बेड करने की दिशा में प्रयास किए गए, ताकि क्षेत्रीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही सुरसिंगधार-कांडा स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज को स्थापित एवं संचालित करने की दिशा में शासन स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।
दिनेश सिंह घनाई का कहना है कि टिहरी जैसे पर्वतीय जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं का मजबूत होना बेहद जरूरी है। स्थानीय युवाओं को अपने ही जनपद में चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलें और मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ न लगानी पड़े, इसी सोच के साथ इन योजनाओं को प्राथमिकता दी गई।
राजनीति में दिनेश सिंह घनाई की पहचान एक ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में रही है, जो क्षेत्रीय विकास और जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय रहते हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार जैसे विषयों पर उनकी सक्रियता टिहरी के विकास की राजनीति में चर्चा का विषय रही है।
विशेष रूप से चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान उठाए गए कदम टिहरी के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। जिला अस्पताल की क्षमता बढ़ाने और कांडा में नर्सिंग कॉलेज को लेकर की गई पहल से भविष्य में क्षेत्र के युवाओं और आम जनता को लाभ मिलने की उम्मीद है।
टिहरी के विकास को लेकर उनकी यह पहल एक बार फिर चर्चा में है। स्थानीय स्तर पर लोगों का मानना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों की इच्छाशक्ति और शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी बेहद जरूरी है।





