सोना सजवाण का ऐलान, पर्यटन के मानचित्र पर चमकेगा सेम-नागराजा धाम
सोना सजवाण का ऐलान, पर्यटन के मानचित्र पर चमकेगा सेम-नागराजा धाम

लंबगांव। (टिहरी )उत्तराखंड जड़ी-बूटी सलाहकार समिति की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री सोना सजवाण ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के दौरान सेम-नागराजा धाम को पर्यटन के रूप में विकसित करने की सरकार की मंशा दोहराई। उन्होंने कहा कि पट्टी उपली रमोली स्थित भगवान श्रीकृष्ण की तपस्थली सेम-नागराजा धाम को विशेष पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने के लिए सरकार प्रयासरत है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
बृहस्पतिवार को सोना सजवाण ने दीनगांव, ओनालगांव, हेरवालगांव, मुखेम, पोखरी और खंबाखाल सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का संकल्प विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास और जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। भ्रमण के दौरान सामने आई समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान बीडीसी राजेश पोखरियाल, यशवीर राणा, पूर्व प्रधान विजय कैंतुरा, धनपाल कैंतुरा, जुगल किशोर नौटियाल और सुनील शाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





