टिहरी गढ़वाल

एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी और पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने संभाली कमान, 26 नवंबर से सजेगा त्रिवेणी कौथिग का मंच 10 दिसंबर तक गूंजेगी लोक संस्कृति की धमक, पहाड़ी व्यंजनों से लेकर फैशन शो, पशु प्रदर्शनी और लिटरेचर फेस्ट तक होंगे आकर्षण

एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी और पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने संभाली कमान, 26 नवंबर से सजेगा त्रिवेणी कौथिग का मंच 10 दिसंबर तक गूंजेगी लोक संस्कृति की धमक, पहाड़ी व्यंजनों से लेकर फैशन शो, पशु प्रदर्शनी और लिटरेचर फेस्ट तक होंगे आकर्षण

 

नई टिहरी। टिहरी में स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं और पहाड़ी विरासत को भव्य मंच देने के लिए त्रिवेणी कौथिग की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 26 नवंबर से 10 दिसंबर तक आयोजित होने वाला यह कौथिग इस बार सांस्कृतिक रंगों के साथ खेल, साहित्य, पारंपरिक खानपान और स्थानीय उत्पादों का भी बड़ा केंद्र बनेगा। आयोजन को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी और नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने तैयारियों की कमान संभाल ली है।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कौथिग की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि कौथिग के प्रथम चरण में 2 दिसंबर तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि 10 दिसंबर तक मेले की रौनक बनी रहेगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि त्रिवेणी कौथिग को भव्य स्वरूप देने के साथ इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से नगर पालिका को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान, हस्तशिल्प और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को प्रमुखता दी जानी चाहिए।

कौथिग में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए स्टॉल उपलब्ध कराने, पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की प्रतियोगिता आयोजित करने तथा उत्तराखंड के पारंपरिक परिधानों और आभूषणों पर आधारित फैशन शो कराने का सुझाव दिया गया। इसके साथ ही पशुपालन विभाग के सहयोग से पशु प्रदर्शनी और स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता एवं सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे।

इस बार साहित्य प्रेमियों के लिए टिहरी लिटरेचर फेस्ट भी कौथिग का खास आकर्षण बनेगा। इसके माध्यम से साहित्य, लेखन और विचारों को मंच देने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे आयोजन स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के साथ महिला समूहों, कारीगरों और स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक अवसर भी उपलब्ध कराएंगे।

कौथिग के दौरान नगर झांकी, मैत्री दौड़, चक्रव्यूह मंचन, साइक्लिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक संध्याएं और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इससे युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला एवं खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।

नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन सहित युवा कल्याण, पुलिस, अग्निशमन, जल संस्थान, यूपीसीएल और अन्य विभागों से सहयोग की अपेक्षा की। बैठक में अग्नि सुरक्षा, यातायात एवं कानून व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस महेश लखेड़ा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button