टिहरी गढ़वाल

मेडिकल कॉलेज आंदोलन को मिली मंजिल की राह, उदय रावत और दिनेश डोभाल बने सरकार-आंदोलनकारियों के बीच सेतु!

मेडिकल कॉलेज आंदोलन को मिली मंजिल की राह, उदय रावत और दिनेश डोभाल बने सरकार-आंदोलनकारियों के बीच सेतु!

नई टिहरी। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन और राज्य सरकार के बीच वार्ता का रास्ता खोलने में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत तथा चिह्नित राज्य आंदोलनकारी एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य दिनेश डोभाल की पहल निर्णायक साबित हुई। दोनों के प्रयासों से आंदोलनकारियों की मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने और सरकार के साथ उच्चस्तरीय वार्ता का रास्ता प्रशस्त हुआ। इसके परिणामस्वरूप आठ दिनों से आमरण अनशन पर बैठे सत्याग्रही जीतराम भट्ट और छात्र नेता राहुल बुटोला ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।

टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति की मांगों को शासन तक पहुंचाने के साथ ही 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे जीतराम भट्ट और राहुल बुटोला के स्वास्थ्य एवं जीवन सुरक्षा को लेकर उदय सिंह रावत और दिनेश डोभाल ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने संघर्ष समिति के शिष्टमंडल के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग, जिला चिकित्सालय की कमियों और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

दोनों नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा अनशनकारियों के जीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक बुलाई जाए। इस पहल के फलस्वरूप शासन स्तर पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

बैठक में मेडिकल कॉलेज निर्माण की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य सचिव की ओर से टीएचडीसी को पत्र प्रेषित किए जाने की बात सामने आई। वहीं स्वास्थ्य मंत्री ने टिहरी जिला चिकित्सालय को वर्तमान 100 बेड से बढ़ाकर 200 बेड का करने की मांग स्वीकार करते हुए इसकी घोषणा की।

सरकार की इस सकारात्मक पहल और मांगों पर मिले आश्वासन के बाद दोनों अनशनकारियों ने जिलाधिकारी टिहरी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी की मौजूदगी में जूस पीकर अपना आमरण अनशन समाप्त किया।

टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रहे जनआंदोलन के बीच सरकार और संघर्ष समिति के बीच वार्ता का माहौल तैयार होना महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उदय सिंह रावत और दिनेश डोभाल की पहल ने आंदोलनकारियों की मांगों को सरकार के सामने प्रभावी ढंग से रखने और गतिरोध तोड़ने में अहम भूमिका निभाई। वहीं अनशनकारियों का अनशन समाप्त होना प्रशासन, आंदोलनकारियों और आम जनमानस के लिए बड़ी राहत और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button