एक्सक्लूसिव खबरें

टिहरी मेडिकल कॉलेज पर सरकार का बड़ा फैसला, जिला अस्पताल होगा 200 बेड का! आठवें दिन टूटा आमरण अनशन, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मानी प्रमुख मांग; डीएम ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों का अनशन समाप्त कराया

टिहरी मेडिकल कॉलेज पर सरकार का बड़ा फैसला, जिला अस्पताल होगा 200 बेड का! आठवें दिन टूटा आमरण अनशन, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मानी प्रमुख मांग; डीएम ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों का अनशन समाप्त कराया

नई टिहरी। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। आठ दिन से आमरण अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों की मांग पर सरकार ने जिला चिकित्सालय टिहरी की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बेड करने की मांग स्वीकार कर ली है। वहीं, मेडिकल कॉलेज की पूर्व में तैयार डीपीआर पर टीएचडीसी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद आंदोलनकारियों ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया।

टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में देहरादून स्थित वन भवन में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में समिति ने मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया। स्वास्थ्य मंत्री ने प्रतिनिधियों की बात सुनते हुए आश्वस्त किया कि सरकार मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर गंभीर है।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने जिला चिकित्सालय की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बेड करने की मांग स्वीकार की। साथ ही मेडिकल कॉलेज की पूर्व में तैयार डीपीआर पर टीएचडीसी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने टीएचडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर मेडिकल कॉलेज के प्रस्ताव की अद्यतन स्थिति प्राथमिकता से उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में स्वास्थ्य सचिव ने आमरण अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा का हवाला देते हुए समिति से अनशन समाप्त कराने की अपील की। इसके बाद देर शाम जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल बौराड़ी स्थित धरना स्थल पहुंचीं। उन्होंने आंदोलनकारियों को बैठक में लिए गए निर्णयों और शासन स्तर पर हो रही कार्रवाई की जानकारी दी। सकारात्मक आश्वासन के बाद उन्होंने आंदोलनकारियों का आमरण अनशन समाप्त कराया।

बैठक में विधायक किशोर उपाध्याय वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय, चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सयाना, अपर सचिव रोहित मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश और संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल सहित समिति के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

आंदोलन के आठवें दिन सरकार के इस फैसले को संघर्ष समिति की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। हालांकि मेडिकल कॉलेज निर्माण की वास्तविक प्रगति अब टीएचडीसी की आगे की कार्रवाई और शासन के निर्णयों पर निर्भर करेगी।

Related Articles

Back to top button