टिहरी गढ़वाल

पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने एमबीबीएस डॉक्टरों के बॉन्ड नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की मांग, टिहरी नर्सिंग कॉलेज की स्थापना में देरी से जताई नाराजगी

पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने एमबीबीएस डॉक्टरों के बॉन्ड नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की मांग, टिहरी नर्सिंग कॉलेज की स्थापना में देरी से जताई नाराजगी

नई टिहरी। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार एवं विभागीय कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने एमबीबीएस डॉक्टरों द्वारा बॉन्ड नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाते हुए टिहरी में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना में हो रही देरी पर मुख्यमंत्री के समक्ष नाराजगी जताई है।

धनाई ने सवाल उठाया कि जब सरकार डॉक्टरों की शिक्षा पर सरकारी संसाधन खर्च करती है और इसके बदले बॉन्ड की शर्तें निर्धारित की जाती हैं, तो उनका पालन सुनिश्चित क्यों नहीं कराया जा रहा है? बॉन्ड नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि सरकारी व्यवस्था और नियमों की गंभीरता बनी रहे।

उन्होंने टिहरी नर्सिंग कॉलेज की स्थापना में लगातार हो रही देरी पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि पहाड़ के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए नर्सिंग कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं की स्थापना प्राथमिकता से होनी चाहिए। योजनाओं की घोषणा और कागजी कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए।

पूर्व कैबिनेट मंत्री ने विभागीय कार्यप्रणाली पर तंज कसते हुए कहा, “ऐसा विभाग नहीं चाहिए, जहां काम कागजों पर होता है।”

उनका यह बयान प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था, चिकित्सा शिक्षा और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा करता है। खासकर टिहरी जैसे पर्वतीय जनपद में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना में देरी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।

अब देखना होगा कि सरकार और संबंधित विभाग इन सवालों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और टिहरी में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की दिशा में कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button