टिहरी गढ़वाल

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर सजेगा आस्था का दरबार, टीला साहिब गुरुद्वारे में गूंजेंगे शबद-कीर्तन; विशाल लंगर में बरसेगा सेवा और भाईचारे का प्रसाद 24 नवंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनेगा प्रकाश पर्व, विद्युत मालाओं से जगमगाया गुरुद्वारा साहिब

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर सजेगा आस्था का दरबार, टीला साहिब गुरुद्वारे में गूंजेंगे शबद-कीर्तन; विशाल लंगर में बरसेगा सेवा और भाईचारे का प्रसाद 24 नवंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनेगा प्रकाश पर्व, विद्युत मालाओं से जगमगाया गुरुद्वारा साहिब

 

नई टिहरी। बौराड़ी स्थित टीला साहिब गुरुद्वारा में श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व 24 नवंबर को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में भव्य कीर्तन दरबार सजेगा, जहां शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की वाणी और उनके बताए मानवता, समानता, सत्य तथा सेवा के मार्ग का संदेश गूंजेगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल गुरु का लंगर भी आयोजित किया जाएगा।

प्रकाश पर्व को लेकर टीला साहिब गुरुद्वारा को आकर्षक विद्युत मालाओं से सजाया गया है। रोशनी से जगमगाता गुरुद्वारा साहिब श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गुरुद्वारा कमेटी की ओर से समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्र की संगत में प्रकाश पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

टीला साहिब गुरुद्वारा के प्रधान राकेश मोहन लांबा ने बताया कि 24 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। इसमें संगत गुरु नानक देव जी के उपदेशों को याद कर उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लेगी। कीर्तन दरबार के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए गुरु का विशाल लंगर आयोजित होगा, जिसमें सभी श्रद्धालु एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। उन्होंने संगत से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु घर की खुशियों में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए गुरुद्वारा टीला साहिब के प्रधान राकेश मोहन लांबा, महासचिव चंद्र मोहन अरोड़ा सहित कमेटी के सभी सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं।

गौरतलब है कि गुरु नानक देव जी ने समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव, समानता और मानव सेवा का संदेश दिया। उनका जीवन और शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को एकता और भाईचारे की राह दिखाती हैं। प्रकाश पर्व पर टीला साहिब गुरुद्वारा में भक्ति, सेवा और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button