चम्पावत

डीएम मनीष कुमार की अपील, 30 नवंबर तक घर बैठे करें जनगणना; एक क्लिक में दर्ज होगा पूरे परिवार का विवरण **जनगणना 2027: चम्पावत में ऑनलाइन स्व-गणना अभियान तेज, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

डीएम मनीष कुमार की अपील, 30 नवंबर तक घर बैठे करें जनगणना; एक क्लिक में दर्ज होगा पूरे परिवार का विवरण **जनगणना 2027: चम्पावत में ऑनलाइन स्व-गणना अभियान तेज, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

चम्पावत। जनगणना 2027 को लेकर चम्पावत जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का लाभ उठाने की अपील की है। अब लोगों को अपने परिवार का विवरण दर्ज कराने के लिए इंतजार करने या कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। घर बैठे मोबाइल के माध्यम से परिवार और सदस्यों की पूरी जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा सकती है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में स्व-गणना अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन स्व-गणना में भागीदारी कर सकें।

मुख्य विकास अधिकारी एवं अभियान के नोडल अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि जनपद में 16 नवंबर से ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। इसके लिए विभागवार रोस्टर तैयार किया गया है। विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

**ऐसे करें घर बैठे स्व-गणना**

स्व-गणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल **se.census.gov.in** पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद परिवार और परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित विवरण भरना होगा। फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है। सफलतापूर्वक फॉर्म जमा होने के बाद स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) जारी होगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और जब प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी, जिससे ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
1 दिसंबर से शुरू होगा घर-घर जनगणना अभियान**

जिला प्रशासन के अनुसार 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। जिन परिवारों ने ऑनलाइन स्व-गणना नहीं की होगी, उनका विवरण प्रगणक मौके पर ही दर्ज करेंगे। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान दर्ज की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इसका उपयोग सांख्यिकीय आंकड़ों और भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में किया जाता है।

बैठक में डीएफओ धिनो पुरुषोत्तम, एसडीएम बीसी पंत, सीएओ डी. कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डीके तिवारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत सिंह तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ध्रुव रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

*प्रशासन की अपील है कि जनपदवासी अंतिम तिथि 30 नवंबर का इंतजार न करें, बल्कि समय रहते अपने परिवार का सही और पूरा विवरण ऑनलाइन दर्ज कर जनगणना 2027 में सहयोग करें।**

Related Articles

Back to top button