डीएम मनीष कुमार ने जौड़ मेले की पार्किंग की बदहाली पर लिया संज्ञान, तत्काल सफाई के दिए निर्देश 16 बसों, 64 कारों और 46 दोपहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता; संचालन के लिए निजी क्षेत्र से आमंत्रित की निविदा
डीएम मनीष कुमार ने जौड़ मेले की पार्किंग की बदहाली पर लिया संज्ञान, तत्काल सफाई के दिए निर्देश 16 बसों, 64 कारों और 46 दोपहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता; संचालन के लिए निजी क्षेत्र से आमंत्रित की निविदा
चम्पावत। जौड़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए निर्मित पार्किंग परिसर में गंदगी और रखरखाव की अव्यवस्था पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्किंग परिसर की साफ-सफाई कराने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम के निर्देशों पर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता सौरभ चंद ने पार्किंग परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई कराई और खाली पड़े कमरों में ताले लगवाकर उन्हें सुरक्षित कराया। सहायक अभियंता ने बताया कि फिलहाल पार्किंग की देखरेख गुरुद्वारे की ओर से की जा रही है। इसके नियमित संचालन के लिए निजी क्षेत्र से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। साथ ही परिसर की निगरानी के लिए भी जल्द आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पार्किंग परिसर में एक साथ 16 बसें, 64 कारें और 46 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं। पार्किंग का विधिवत संचालन शुरू होने से जौड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को वाहन खड़े करने के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा। इससे मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी, वहीं स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
सहायक अभियंता ने स्थानीय लोगों से पार्किंग परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्किंग सहित अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाएं, ताकि इन सुविधाओं का लाभ लंबे समय तक आमजन और श्रद्धालुओं को मिलता रहे।





