टिहरी गढ़वाल

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर बौराड़ी गुरुद्वारा भक्तिमय, कीर्तन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब विशेष अरदास, सबद-कीर्तन और गुरु के अटूट लंगर में संगत ने ग्रहण किया प्रसाद, प्रेम-समानता और मानवता का दिया संदेश

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर बौराड़ी गुरुद्वारा भक्तिमय, कीर्तन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब विशेष अरदास, सबद-कीर्तन और गुरु के अटूट लंगर में संगत ने ग्रहण किया प्रसाद, प्रेम-समानता और मानवता का दिया संदेश

नई टिहरी। नई टिहरी के बौराड़ी स्थित गुरुद्वारा श्री टीला साहिब में मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर सबद-कीर्तन, गुरुवाणी और गुरु के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन के माध्यम से संगत ने गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता, सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। नगर कीर्तन में सिख समुदाय के लोगों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

गुरुद्वारा श्री टीला साहिब में विशेष पाठ, अरदास और सबद-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर एक साथ लंगर छका और प्रसाद ग्रहण किया। लंगर में जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी ने एक साथ बैठकर गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। गुरुवाणी और कीर्तन की मधुर धुनों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से जोड़ दिया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री टीला साहिब के ग्रंथी मंगत सिंह, प्रधान राकेश मोहन लांबा तथा महामंत्री चंद्र मोहन अरोड़ा ने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द, एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला पवित्र अवसर है। गुरु नानक देव जी ने अपने उपदेशों के माध्यम से जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में प्रेम, समानता और आपसी सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। उनके विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं।

प्रकाश पर्व के आयोजन में सिख समुदाय के लोगों, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। गुरुद्वारा श्री टीला साहिब में आयोजित गुरु के अटूट लंगर में लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।

Related Articles

Back to top button