पिथौरागढ़

डीएम आशीष भटगांई का औचक छापा, लापरवाही पर फटकार श्रमिकों को योजनाओं का लाभ देने में देरी पर जताई नाराजगी, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश

डीएम आशीष भटगांई का औचक छापा, लापरवाही पर फटकार श्रमिकों को योजनाओं का लाभ देने में देरी पर जताई नाराजगी, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश

पिथौरागढ़, 28 नवंबर। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शनिवार को श्रम विभाग और ग्रामीण निर्माण विभाग के कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रम विभाग में योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने में देरी और टूल किट वितरण की धीमी प्रगति पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई।

श्रम विभाग कार्यालय में जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार से विभागीय योजनाओं, पंजीकृत श्रमिकों को मिलने वाली सुविधाओं तथा टूल किट एवं अन्य उपकरणों के वितरण की जानकारी ली। लाभार्थियों को समय पर सुविधाएं नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ देने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए और लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

इस दौरान डीएम ने श्रम कार्ड बनवाने और नवीनीकरण के लिए पहुंचे लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने नए श्रम कार्ड बनाने, पुराने कार्डों के नवीनीकरण और अद्यतनीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के साथ सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित केंद्रित होनी चाहिए। जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ देने में देरी और कार्यों के प्रति उदासीनता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button