पिथौरागढ़

डीएम आशीष भटगांई का सख्त फरमान—PCS परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पांच केंद्रों पर कड़ा पहरा! 29 नवंबर को 1,842 अभ्यर्थियों की परीक्षा, व्यवस्थाओं में चूक पर प्रशासन की पैनी नजर

डीएम आशीष भटगांई का सख्त फरमान—PCS परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पांच केंद्रों पर कड़ा पहरा! 29 नवंबर को 1,842 अभ्यर्थियों की परीक्षा, व्यवस्थाओं में चूक पर प्रशासन की पैनी नजर

पिथौरागढ़। पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने साफ निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 29 नवंबर को जनपद के पांच परीक्षा केंद्रों पर उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 आयोजित होगी, जिसमें 1,842 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पानी, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।

जनपद में सरस्वती देव सिंह राजकीय इंटर कॉलेज, द एशियन एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऐंचोली, एलएसएम परिसर, विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बिण तथा पीएम श्री केएन उप्रेती राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन और दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक सामान्य अभिरुचि परीक्षण की होगी।

डीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। प्रशासन का पूरा जोर परीक्षा व्यवस्था को त्रुटिरहित बनाने पर है।

Related Articles

Back to top button