टिहरी गढ़वाल

कोटी कॉलोनी से चिन्यालीसौड़ रवाना हुई राष्ट्रीय MTB साइकिल रेस बीजेपी के जिला अध्यक्ष उदय रावत ने हरी झंडी दिखाकर किया खिलाड़ियों को रवाना, टिहरी को एडवेंचर टूरिज्म के नक्शे पर मिलेगी नई पहचान

कोटी कॉलोनी से चिन्यालीसौड़ रवाना हुई राष्ट्रीय MTB साइकिल रेस बीजेपी के जिला अध्यक्ष उदय रावत ने हरी झंडी दिखाकर किया खिलाड़ियों को रवाना, टिहरी को एडवेंचर टूरिज्म के नक्शे पर मिलेगी नई पहचान

नई टिहरी। उत्तराखंड हिमालयन अल्टीमेट चैलेंज-2026 के तहत आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग) साइकिल रेस बुधवार सुबह टिहरी झील की कोटी कॉलोनी से उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और उप जिलाधिकारी टिहरी अजयवीर सिंह भी मौजूद रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और पर्वतीय भूगोल के चलते साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं रखता है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजन टिहरी को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जोड़ने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में भी मदद मिलेगी।

सीडीओ वरुणा अग्रवाल और एसडीएम अजयवीर सिंह ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन को जनपद के पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं, प्रतिभागियों ने टिहरी झील और कोटी कॉलोनी के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए यहां बिताए पलों को रोमांचकारी और यादगार अनुभव बताया।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि साइकिल रेस के निर्धारित मार्ग पर खिलाड़ियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर हाइड्रेशन पॉइंट बनाए गए हैं। यहां पेयजल, पेय पदार्थ, सूक्ष्म जलपान और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई है, ताकि लंबी और चुनौतीपूर्ण यात्रा के दौरान खिलाड़ियों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने आयोजन के सफल संचालन में सहयोग के लिए स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, आईटीबीपी और अन्य संबंधित विभागों का आभार जताया। कहा कि सभी विभागों के समन्वय और सहयोग से राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का सुचारु संचालन किया जा रहा है।

इस अवसर पर मनोज बिजल्वाण, नवीन नेगी, दरमियां सिंह, उमेद सिंह राणा, दर्शन सिंह, गीता चौहान, आईटीबीपी के अधिकारी, साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button