डीएम मनीष कुमार का सख्त फरमान—सड़कों पर गड्ढे और नालियों में मलबा बर्दाश्त नहीं! सड़क सुरक्षा को लेकर एक्शन मोड में प्रशासन, जरूरी स्थानों पर लगेंगे संकेतक; दोपहिया वाहन पर दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य
डीएम मनीष कुमार का सख्त फरमान—सड़कों पर गड्ढे और नालियों में मलबा बर्दाश्त नहीं! सड़क सुरक्षा को लेकर एक्शन मोड में प्रशासन, जरूरी स्थानों पर लगेंगे संकेतक; दोपहिया वाहन पर दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य
चम्पावत। सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए सड़कों के सुधारीकरण और बेहतर रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने को कहा है। जिला सभागार में आयोजित जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने एनएच, लोनिवि, पीएमजीएसवाई और ग्रामीण निर्माण विभाग समेत सभी कार्यदायी संस्थाओं को अपने अधीन मार्गों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुधारीकरण के साथ नालियों की नियमित सफाई भी सुनिश्चित की जाए। नालियों में जमा मिट्टी और मलबा तत्काल हटाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए, ताकि बारिश का पानी सड़कों पर जमा न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके। उन्होंने दुर्घटना संभावित मोड़ों और जरूरी स्थानों पर यातायात संकेतक व चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन और सुरक्षित वाहन संचालन हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। जागरूकता अभियान के माध्यम से हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने दोपहिया वाहन चालकों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि बाइक या स्कूटी पर चलने वाले चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी है। कम दूरी का सफर हो या लंबी यात्रा, सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, एनएच के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता बी.सी. नैनवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक अंकित आर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





