डीएम मनीष कुमार ने राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने के दिए निर्देश शीतलहर से बचाव की तैयारी और ई-ऑफिस के उपयोग पर भी दिया जोर
डीएम मनीष कुमार ने राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने के दिए निर्देश शीतलहर से बचाव की तैयारी और ई-ऑफिस के उपयोग पर भी दिया जोर

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों और नामांतरण के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ समीक्षा बैठक में उन्होंने राजस्व वसूली, न्यायालयों में लंबित मामलों, तहसीलों में निर्माण कार्यों और जनसुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को धारा 34 के लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा एलआर एक्ट के तहत लंबे समय से लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों में आने वाले लोगों को उनके मामलों की स्थिति और आगे की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने राजस्व वसूली में तेजी लाने, समन और नोटिस की समय पर तामील, चरित्र सत्यापन तथा अंश निर्धारण के प्रकरणों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए किसानों के अभिलेख समय पर अद्यतन करने को भी कहा।
आबकारी विभाग को छापेमारी अभियान तेज करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। वहीं लंबित मजिस्ट्रियल जांचों को निर्धारित समय में पूरा करने तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का मौके पर सत्यापन कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने आपदा राहत से जुड़े लंबित मामलों में तेजी लाने और आगामी शीतलहर से बचाव के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया। उन्होंने सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए ई-ऑफिस सहित ऑनलाइन माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एसडीएम चम्पावत बीसी पंत, एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार, जिला शासकीय अधिवक्ता विद्याधर जोशी, जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र लाल सहित तहसीलों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





