डीएम मनीष कुमार का दो टूक संदेश—जनसेवा में संवेदनशीलता और निष्पक्षता सर्वोपरि संविधान दिवस पर चम्पावत में गूंजी संविधान की मूल भावना, यूसीसी से लेकर नकल विरोधी कानून तक पर हुई चर्चा
डीएम मनीष कुमार का दो टूक संदेश—जनसेवा में संवेदनशीलता और निष्पक्षता सर्वोपरि संविधान दिवस पर चम्पावत में गूंजी संविधान की मूल भावना, यूसीसी से लेकर नकल विरोधी कानून तक पर हुई चर्चा

चम्पावत। संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसेवा में निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अपनी समस्या लेकर पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की बात गंभीरता से सुनी जाए और उसके प्रकरण में बिना किसी भेदभाव के न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गुरुवार को जिला सभागार चम्पावत में संविधान दिवस पर आयोजित गोष्ठी एवं परिचर्चा में जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता और न्याय की मजबूत आधारशिला है। संविधान में निहित मूल्यों को सरकारी कार्यप्रणाली में उतारना प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन को सरकारी प्रक्रियाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाए, ताकि किसी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
गोष्ठी में उत्तराखण्ड के प्रमुख कानूनों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी ने समान नागरिक संहिता-2024, जिला शासकीय अधिवक्ता (राजस्व) भास्कर चन्द्र मुरारी ने भू-कानून में वर्ष 2025 के संशोधनों, सहायक लोक अभियोजक श्याम सिंह भण्डारी ने सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर वसूली संबंधी कानून-2024 तथा जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) विद्याधर जोशी ने नकल विरोधी कानून-2023 के प्रावधानों की जानकारी दी।
वहीं, खण्ड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी ने अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित वर्ष 2025 के कानून, सहायक निदेशक अभियोजन तनुजा वर्मा ने धर्म स्वतंत्रता कानून तथा जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) रमेश चन्द्र उप्रेती ने उत्तराखण्ड देवभूमि परिवार अधिनियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को राज्य के महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी देकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजन को सही कानूनी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, डीपीआरओ महेश कुमार, यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्या सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





