चम्पावत

डीएम मनीष कुमार ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित, महिला-बाल समारोह में दिखा उत्साह सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं, मेधावी छात्र-छात्राओं और स्वच्छता कर्मियों को मिला सम्मान, मतदान की भी दिलाई शपथ

डीएम मनीष कुमार ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित, महिला-बाल समारोह में दिखा उत्साह सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं, मेधावी छात्र-छात्राओं और स्वच्छता कर्मियों को मिला सम्मान, मतदान की भी दिलाई शपथ

लोहाघाट (चम्पावत)। लोहाघाट में आयोजित महिला एवं बाल सम्मान समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रतिभाग कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। समारोह में सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं, मेधावी छात्र-छात्राओं और नगर पालिका के स्वच्छता कार्यों में सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सीमांत क्षेत्र के युवाओं का प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सरकारी सेवाओं में चयनित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनकी उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगी। उन्होंने बच्चों की सफलता में माता-पिता के योगदान की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वतंत्र, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान की शपथ भी दिलाई।

समारोह में सरकारी सेवाओं में चयनित आस्तिका पाण्डेय, गौरव राय, मयंक राय, अनिमेष पुनेठा और मेहुल खर्कवाल को सम्मानित किया गया। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण देने वाले पूर्व सैनिक मनोज करायत को भी सम्मान मिला।

वहीं, नगर पालिका के स्वच्छता कार्यों में योगदान देने वाले अजय उप्रेती, टीका देव खर्कवाल, गिरीश बगौली, उमेश उपाध्याय, नीलाम्बर पाण्डेय और भुवन धौनी को स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं के लिए मटका फोड़, रस्साकशी, चम्मच दौड़, सुई-धागा, कुर्सी दौड़ और बिंदी लगाने सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं बच्चों ने चित्रकला, फैंसी ड्रेस, प्रश्नोत्तरी और स्वच्छता सर्वेक्षण से जुड़ी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द वर्मा, सभासद आरती देवी, सुरेश फर्त्याल, रेनू गड़कोटी, दीपा गोस्वामी, योगेश जोशी, खड़क सिंह, आशीष राय, मनोनीत सदस्य जीवन गहतोड़ी, केदार सिंह बोहरा और सरोज जोशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button