टिहरी गढ़वाल

एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी का सख्त अल्टीमेटम—15 दिन में फफराणगांव के ग्रामीणों की समस्याएं सुलझाए पावर ग्रिड हाईटेंशन लाइनों से चारों ओर घिरे गांव में दहशत और असुरक्षा का माहौल, कृषि भूमि और भवनों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश

एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी का सख्त अल्टीमेटम—15 दिन में फफराणगांव के ग्रामीणों की समस्याएं सुलझाए पावर ग्रिड हाईटेंशन लाइनों से चारों ओर घिरे गांव में दहशत और असुरक्षा का माहौल, कृषि भूमि और भवनों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश

नई टिहरी। फफराणगांव के ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने पावर ग्रिड के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम मणगांव की ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले फफराणगांव में 400/800 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइनों से उत्पन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में ग्राम प्रधान मुकेश चौहान ने ग्रामीणों का पक्ष रखते हुए बताया कि फफराणगांव चारों ओर से पावर ग्रिड की हाईटेंशन विद्युत लाइनों से घिरा हुआ है। इसके चलते ग्रामीण भय और असुरक्षा के माहौल में जीवनयापन करने को मजबूर हैं। हाईटेंशन लाइनों से प्रभावित कृषि भूमि और भवनों से जुड़ी समस्याओं के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने पावर ग्रिड के सीनियर डीजीएम पंकज कुमार को 15 दिनों के भीतर सभी समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित कृषि भूमि और भवनों का स्थलीय आकलन तैयार कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।

बैठक में तहसीलदार गजा राजेन्द्र गुनसोला, पावर ग्रिड के सीनियर डीजीएम पंकज कुमार, चीफ मैनेजर दिनेश सिंह, राजस्व उप निरीक्षक प्रमिला पठोई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button